शिकागो, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के तीसरे सबसे बड़े शहर शिकागो के मेयर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विवादास्पद आव्रजन नीति की आलोचना करते हुए इसे ‘क्रूर, अनावश्यक और गैरकानूनी’ करार दिया है।
मेयर राह्म इमेनुएल ने सोमवार को कैलिफोर्निया में संघीय न्यायाधीश के उस फैसले का स्वागत किया जिसमें आव्रजक बच्चों की दीर्घकालिक हिरासत से संबंधित नियमों में संशोधन करने के ट्रंप प्रशासन के प्रयासों को खारिज कर दिया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, मेयर ने मंगलवार को एक बयान में कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप की परिवार को हिरासत में रखने की नीति क्रूर, अनावश्यक और गैरकानूनी है।”
उन्होंने कहा, “अदालत का यह आदेश राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रियावादी नीतियों के लिए एक बहुत बड़ा धक्का है और न्याय व शालीनता की ओर एक कदम है।”
इस बीच, शिकागो में एक संघीय न्यायाधीश ने सोमवार को ब्राजील के दो बच्चों को उनके पिता से 72 घंटों के भीतर मिलाने का आदेश दिया है। यह बच्चे छह सप्ताह से भी ज्यादा समय से अपने परिवार से अलग हैं।
न्यायाधीश ने कहा कि न्याय विभाग के वकील यह बताने में विफल रहे कि बच्चों को उनके पिता से अलग रख कर वे क्या हासिल करने का प्रयास कर रहे थे।
dharmpath.com dharmpath