लंदन में खुलेगी ‘इंडियन स्पोर्ट्स फैन’ समुदाय की शाखा

नई दिल्ली/लंदन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। लंदन में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप को देखते हुए खेल प्रशंसकों के लिए लंदन में भी ‘इंडियन स्पोर्ट्स फैन’ समुदाय अपनी शाखा खोलेगा।

इस शाखा को लंदन में खोलने के पीछे का लक्ष्य लंदन में रहने वाले भारतीय खेल प्रशंसकों के बीच इस समुदाय का प्रचार करना है और अधिक से अधिक प्रशंसकों तक इसकी पहुंच बढ़ानी है।

इसके लिए हॉकी, बैडमिंटन, क्रिकेट और अन्य खेलों से संबंधित सेमिनार, फिल्म स्क्रीनिंग और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें सबसे पहले महिला हॉकी विश्व कप की प्रदर्शनी आयोजित होगी।

‘इंडियन स्पोर्ट्स फैन’ समुदाय की अध्यक्षता लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के कुलदीप अहलावत कर रहे हैं। वह हरियाणा के झज्जर जिले से हैं। उन्होंने 40 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में दर्शक के रूप में शामिल होने का सौभाग्य हासिल किया है। इसमें दो ओलम्पिक खेल, एशियाई खेल और अन्य टूर्नामेंट शामिल हैं।

इस मौके पर कुलदीप ने कहा, “मैं इस नई जिम्मेदारी के लिए बेहद खुश हूं। इससे ब्रिटेन में भी भारतीय खेल प्रशंसकों के जोश और जुनून को बनाए रखने में मदद मिलेगी। हमने इसके लिए कई सेमिनारों, प्रदर्शनियों और फिल्म स्क्रीनिंग की योजना बनाई है।”

कुलदीप ने कहा कि इसके अलावा, कई सर्वेक्षण भी किए जाएंगे। अगर देखा जाए तो भारत और इंग्लैंड के बीच जारी सीरीज के दौरान टी-20 मुकाबलों के लिए 55 प्रतिशत भारतीयों ने टिकट खरीदी थी।

‘इंडियन स्पोर्ट्स फैन’ समुदाय ने व्हाट्सएप ग्रुप के रूप में आगे बढ़ने की शुरुआत की है। इसमें भारत के कई बड़े खिलाड़ी-ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता कर्णम मल्लेश्वरी, हॉकी कोच हरेंद्र सिंह, पूर्व गोलकीपर बलजीत सिंह डडवाल, साहिल खट्टर आदि शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493