पटना, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भोजपुरी फिल्म-जगत की सबसे महंगी अदाकारा अक्षरा सिंह ने अपनी अभिनय क्षमता से करोड़ों लोगों को अपना दीवाना तो बनाया ही है, अब वह गायन में भी अपना लोहा मनवा रही हैं।
अभिनय के अलावा, शौकिया तौर पर कभी-कभार अलबम में अपनी आवाज देने वाली अक्षरा सिंह ने सावन के महीने के लिए भगवान शिव की महिमा पर आधारित ‘कांवर भजन’ गाया, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
वेब म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किए गए कांवर भजन ‘भाग जाइब ससुरा से’ को अन्य कांवर भजन की तुलना में ज्यादा लोग सुन और पसंद कर रहे हैं।
फिलहाल, वेब म्यूजिक ने इसका ऑडियो ही अपलोड किया है। अक्षरा सिंह के इस अलबम के संगीतकार घुंघरू हैं और गीतकार हैं मनोज मतलबी। इस गाने को अब तक पांच लाख से ज्यादा लोग सुन चुके हैं।
कुछ दिन पहले अक्षरा ने गायक व अभिनेता रितेश पांडे के साथ भी अलबम ‘आया सावन झूम’ में अपनी आवाज दी थी, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। यूट्यूब के बादशाह माने जाने वाले गायकों से कहीं ज्यादा अक्षरा सिंह की आवाज को लोग कांवर भजन में पसंद कर रहे हैं।
अक्षरा सिंह ने हाल ही में खेसारी लाल अभिनीत एक फिल्म ‘बलम जी लव यू’ में एक प्रोमोशन सांग गाया है।
dharmpath.com dharmpath