अक्षय, सलमान दुनिया के सर्वाधिक कमाई करने वाले कलाकार

न्यूयॉर्क, 17 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और सलमान खान क्रमश: 4.05 करोड़ डॉलर और 3.37 करोड़ डॉलर कमाई के साथ वर्ष 2018 में दुनिया के सर्वाधिक पारिश्रमिक अर्जित करने वाले सेलेब्रिटीज की फोर्ब्स की सूची में शामिल किए गए हैं। इस सूची में पेशेवर मुक्के बाज फ्लॉयड मेवेदर का नाम पहले स्थान पर है।

सोमवार को जारी इस सूची में अक्षय(50) और सलमान(52) केवल दो भारतीय शामिल हैं। सूची में अक्षय का 76वां और सलमान का 82वां स्थान है। सूची में एथलीट, संगीतकार, अभिनेता और कॉमेडियन के नाम शामिल हैं।

फोर्ब्स के अनुसार, विश्व के शीर्ष 100 एंटरटेनर ने संयुक्त रूप से गत 12 महीनों में 6.3 अरब डॉलर की कमाई की है, जो कि पिछले वर्ष की कुल कमाई का 22 प्रतिशत अधिक है। इनमें से 11 सुपरस्टार ने 10 करोड़ डॉलर का आंकड़ा पार किया है, जोकि बीते दो सालों में इतनी ही कमाई करने वाले सुपरस्टार से दोगुने से भी ज्यादा है।

फोर्ब्स ने अक्षय को बॉलीवुड के उन अग्रणी कलाकारों में शुमार किया है, जिन्होंने ‘टॉयलेट-एक प्रेम कथा’ और ‘पैड मैन’ जैसी सामाजिक रूप से जागरूक करने वाली फिल्में बनाई।

विवरण के अनुसार, “अक्षय बैकइंड प्रोफिट से भी लाखों रुपये कमाते हैं और टाटा व एवरीडे जैसे ब्रांडों का विज्ञापन करते हैं।”

सलमान को बॉलीवुड का ‘मुख्य सहारा’ कहा गया है, जिन्होंने ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया है और इनमें अभिनय किया है। वह सुजुकी मोटरसाइकिल, क्लोरोमिंट गम जैसे ब्रांडो से भी जुड़े हुए हैं। वह भारत के शीर्ष कमाई करने वाले कलाकारों में से एक बने हुए हैं।

सूची में शीर्ष स्थान पाने वाले मेवेदर की कमाई 28.5 करोड़ डॉलर बताई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493