पेरिस, 19 जुलाई (आईएएनएस)। फ्रांस के फुटबाल खिलाड़ी राफेल वराने का कहना है कि केलियान एमबाप्पे एक एलियन हैं, जो बालोन डी ओर खिताब जीत सकते हैं।
वेबसाइट ‘ईएसपीएन’ की रिपोर्ट के अनुसार, पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) के 19 वर्षीय खिलाड़ी ने फ्रांस के लिए फीफा विश्व कप में चार गोल किए।
एमबाप्पे ने फ्रांस के लिए विश्व कप टूर्नामेंट के फाइनल में भी गोल किया। फाइनल में उनकी टीम ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
इस टूर्नामेंट में एमबाप्पे ने अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का पुरस्कार भी जीता।
‘एल एक्विपे’ को दिए बयान में वराने ने कहा, “अगर वह अगले बालोन डी ओर खिताब को नहीं जीतते हैं, तो हम उन्हें कहेंगे कि यह सामान्य बात नहीं। हम उन पर गुस्सा करेंगे। केलियान मुझसे बेहतर प्रतिभाशाली हैं। उनकी परिपक्वता ने सच में एक प्रभाव छोड़ा है।”
dharmpath.com dharmpath