एयर इंडिया के व्यवहार से हैरान टेबल टेनिस खिलाड़ी साथियान

कोलकाता, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मेलबर्न जाने वाले विमान में चढने से इनकार किए जाने के बाद नई दिल्ली हवाईअड्डे पर टेबल टेनिस खिलाड़ियों को फंसा हुआ छोड़े जाने पर भारत के शीर्ष स्तरीय टेबल टेनिस खिलाड़ी ने हैरानी जताई है।

साथियान ने जहां एक ओर इस घटना को चौंकाने वाला बताया है, वहीं इस मामले पर तुरंत कार्रवाई के लिए एयर इंडिया की प्रशंसा भी की।

भारत की 17 सदस्यीय टेबल टेनिस टीम और अधिकारी आईटीटीएफ वर्ल्ड टूर अस्ट्रेलिया ओपन में हिस्सा लेने जा रहे थे, जिसकी शुरुआत मेलबर्न में सोमवार से हो गई है।

भारतीय टीम रविवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंची, लेकिन केवल 10 सदस्यों को ही विमान में चढने की अनुमति मिली। एयर इंडिया ने कहा कि विमान में क्षमता से अधिक लोग हैं।

भारत की टेबल टेनिस टीम के जिन सात खिलाड़ियों को विमान में चढने की अनुमति नहीं मिली, इसमें मनिका बत्रा, मौमा दास भी शामिल थीं।

इस मामले के कारण सोशल मीडिया पर एयर इंडिया की आलोचना की जा रही है।

साथियान ने मेलबर्न से फोन पर आईएएनएस को दिए बयान में कहा, “यह बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण और हैरानी वाली बात है कि हमारे पास एयर इंडिया की ओर से कंफर्म टिकट थी और हमें उम्मीद नहीं थी कि ऐसा भी कुछ होगा।”

उन्होंने कहा, “मैं बेहद ही निराश हूं और मुझे आशा है कि हमें भविष्य में इस प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। देर से मेलबर्न पहुंचने वाले खिलाड़ियों के लिए यह काफी मुश्किल था, लेकिन मुझे अब भी लगता है कि साई, खेल मंत्रालय और टीटीएफआई ने आखिरी समय में विमान व्यवस्था के लिए अच्छा प्रयास किया।”

दूसरे उड़ान से आने वाले खिलाड़ी सोमवार रात को मेलबर्न पहुंचेंगे। इस पर साथियान ने कहा, “ऐसा माना जा रहा है कि वे आज रात यहां पहुंचेंगे और अच्छी नींद ले पाएंगे। नहीं तो वे अगले दिन मैच की शुरुआत से कुछ घंटे पहले ही यहां पहुंच पाएंगे।”

निराशा जताते हुए मनिका ने ट्विटर पर जारी एक पोस्ट में कहा, “17 खिलाड़ियों की टेबल टेनिस टीम, जिसमें राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता मैं, शरथ, मौमा, मधुरिका, हरमीत, सुतिर्था, साथियान को आईटीटीएफ वर्ल्ड टूर आस्ट्रेलिया ओपन में हिस्सा लेने को लिए आज (रविवार रात) को एआई-1308 के विमान से मेलबर्न पहुंचना था।”

मनिका ने कहा, “एयर इंडिया के काउंटर पर पहुंचने के बाद हमें कहा गया कि विमान में अधिक लोग हैं और टीम के केवल 10 लोग ही इसमें जा सकते हैं। इस बात से हम सभी हैरान रह गए। हम सात खिलाड़ी उस विमान से मेलबर्न नहीं जा राए। बाल्मेल लावरी की ओर से सभी की टिकट पहले से ही बुक थी।”

एयर इंडिया ने इस पूरी घटना का जिम्मा खिलाड़ियों के हवाईअड्डे पर देरी से आने पर थोपा है। उनका कहना है कि एक अलग पीएनआर के तहत यह बुकिंग की गई थी।

साथियान ने हालांकि, एयर इंडिया की ओर से दी गई इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इस प्रकार बीच में छोड़कर जाने के बजाए एयर इंडिया को बेहतर रूप से जिम्मेदारी निभानी चाहिए थी।

टीम के सात खिलाड़ियों को रहने के लिए होटल और खाने-पीने की सुविधा दी गई, लेकिन साथियान ने कहा कि हम समय पर अपने स्थान तक नहीं पहुंच पाए।

स्पोर्ट्स इंडिया की महानिदेशक नीलम कपूर ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इस मामले को सुलझाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493