बीजिंग, 26 जुलाई (आईएएनएस)। चीन के बीजिंग स्थित अमेरिकी दूतावास के बाहर एक सड़क पर विस्फोट से राजधानी के इस संवेदनशील राजनयिक इलाके में सनसनी फैल गई।
‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट अपरान्ह एक बजे बीजिंग के चायोयांग जिले में स्थित दूतावास के बाहर हुआ जिसकी आवाज बहुत तेज थी।
पुलिस ने कहा कि एक 26 साल के शख्स ने पटाखों से बने एक उपकरण में विस्फोट किया जिससे उसके हाथ में चोट आई है।
शख्स का नाम जियांग मोमोऊ है जिसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेज दिया गया है। उसे गंभीर चोट नहीं आई और इस घटना में कोई और घायल भी नहीं हुआ है। जियांग इनर मंगोलिया का रहने वाला है।
अमेरिकी दूसावास के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “एक शख्स ने बम विस्फोट किया था। उसके अलावा किसी और को चोट नहीं आई है। स्थानीय पुलिस मामला देख रही है।”
विस्फोट तियान्जे रोड पर हुआ। इसके पास ही भारत और इजरायल के दूतावास भी हैं। विस्फोट के बाद एक घंटे के लिए इस सड़क को बंद कर दिया गया था।
एक वीजा एजेंट ने बताया कि ऐसा लगा कि किसी विस्फोट के फटने से यह घटना हुई। ऐसा लगा कि शख्स ने मानव अधिकार मुद्दे पर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा किया।
इससे पुलिस ने कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास कर रही एक महिला को पकड़ा था। यह साफ नहीं हो सका है कि विस्फोट और आत्मदाह की दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
dharmpath.com dharmpath