उप्र : समाजवादी पेंशन योजना का शुभारंभ

indexलखनऊ, 5 नवंबर – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार की चर्चित समाजवादी पेंशन योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा सरकार जरूरतमंदों की हितैषी है। मुख्यमंत्री ने राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में समाजवादी पेंशन योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत सी माताएं और बहनें गरीब हैं। आर्थिक तंगी के चलते उनकी रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पाती हैं, ऐसे में इस समाजवादी पेंशन योजना से उन्हें फायदा मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। इस दौरान अखिलेश ने एकीकृत पेंशन पोर्टल का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा कुछ पात्रों को पेंशन चेक भी वितरित किए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खान, शिवपाल सिंह यादव, अहमद हसन, अरविंद सिंह गोप और पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी उपस्थित थे। इसके अलावा मंच पर अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव और जया बच्चन भी मौजूद थीं।

उल्लेखनीय है कि कुल 40 लाख परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। इसमें परिवार के मुखिया को प्रतिमाह न्यूनतम 500 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। लखनऊ में इस योजना के लिए 64 हजार परिवार चिन्हित किए गए हैं। इसमें 26 हजार परिवार शहरी क्षेत्र के हैं।

इस मौके पर मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि लैपटॉप योजना के बाद यह सपा की दूसरी बड़ी योजना है। अब तक छह लाख 62 हजार परिवारों का चयन हो चुका है।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पेंशन योजना के तहत लाभार्थी परिवार के बच्चों को भी जोड़ा गया है। इसमें परिवार के मुखिया को अपने बच्चों का स्कूल में दाखिला करवाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा कक्षा में उनकी उपस्थिति 70 फीसदी सुनिश्चित करानी होगी।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493