सैन जोस (अमेरिका), 1 अगस्त (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर-48 महिला टेनिस खिलाड़ी ब्रिटेन की योहाना कोंटा ने सिलिकोन वैली क्लासिक टूर्नामेंट में पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 अमेरिका की सेरेना विलियम्स को करियर की सबसे बड़ी हार दी है।
कोंटा ने टूर्नामेंट के पहले दौर में ही 23 ग्रैंड स्लैम जीतने वाली सेरेना को सीधे सेटों में बेहद आसानी से 6-1, 6-0 से मात दी।
कोंटा को मैच जीतने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने सिर्फ 51 मिनट 30 सेकेंड में यह मैच अपने नाम कर सेरेना को पहले दौर से ही बाहर कर दिया।
बीबीसी ने कोंटा के हवाले से लिखा है, “मैंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया की वह कितनी बड़ी चैम्पियन हैं। मैं सिर्फ अपना खेल खेलती रही। सेरेना बेशक अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं खेल पाईं। वह उसके आस-पास भी नहीं थीं। मैंने मैच को अपने हिसाब से खेला।”
वहीं अपनी हार के बाद सेरेना ने कोंटा की तारीफ की और कहा, “दूसरे सेट में वो शानदार खेलीं। पहले सेट में मैं लय में नहीं थी जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिला और वो दूसरे सेट में आसानी से जीत गईं।”
अगले दौर में कोंटा का सामना अमेरिका की ही सोफिया केनिन से होगा।
dharmpath.com dharmpath