एफसी गोवा में शामिल हुए डिफेंडर पेना

पणजी, 5 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब एफसी गोवा ने रविवार को स्पेनिश डिफेंडर कार्लोस पेना के टीम में शामिल करने की घोषणा की।

क्लब द्वारा जारी बयान के अनुसार, पेना स्पेनिश सेकेंड डिविजन क्लब अल्बासेटे से जुड़ने से पहले बार्सिलोना की सी और बी टीम के लिए खेल चुके हैं। 35 वर्षीय पेना ने स्पेनिश लीग में 500 से अधिक मैच खेले हैं।

पेना 2010 में रियल वाल्डोलिड में शामिल हुए। उन्होंने क्लब में पांच साल बिताए और अपने दूसरे सीजन में ही टीम को स्पेन की शीर्ष लीग में दोबारा लेकर आए। वह गटाफे जैसे बड़े स्पेनिश क्लब के लिए भी खेल चुके हैं।

पेना ने कहा, “मैं सर्जियो लोबेरा की इस टीम से जुड़कर बहुत खुश हूं। मैं साथी खिलाड़ियों से मिलने और उनके साथ काम करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता। मैं आगामी सीजन के लिए बहुत उत्साहित हूं और मुझे विश्वास है कि हम पिछले सीजन के मुकाबले इस सीजन बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”

कोच लोबेरा ने भी पेना के क्लब में शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “पेना एक अनुभवी खिलाड़ी हैं जिन्होंने स्पेन के शीर्ष स्तर पर फुटबाल खेला है। वह रक्षात्मक रूप से अच्छे खिलाड़ी हैं और उनका अनुभव हमारे लिए अहम होगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493