राकेश मारिया के जीवन पर बनेगी वेब श्रृंखला

मुंबई, 6 अगस्त (आईएएनएस)। अनिल अंबानी के स्वामित्व वाले ‘रिलायंस एंटरटेनमेंट’ की ‘फैंटम फिल्म्स’ और निर्देशक मेघना गुलजार ने मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त राकेश मारिया के जीवन और उनके द्वारा सुलझाए गए पुलिस केसों पर एक वेब श्रृंखला का निर्माण करने के लिए समझौता किया है।

मेघना के निर्देशन में बनने वाली इस वेब श्रृंखला में मारिया के अनुभव और उनके द्वारा सुलझाए गए विभिन्न आपराधिक मामलों को दिखाया जाएगा।

मेघना ने एक बयान में कहा, “राकेश मारिया के जीवन अनुभव और कानून प्रवर्तन में उनके करियर के अनुभव हमारे समाज में अपराध और आतंकवाद के कालक्रम को दिखाने के लिए एक संपूर्ण दृष्टि प्रदान करते हैं।”

उन्होंने एक बयान में कहा, “इस कथावस्तु में अपार क्षमता है और मैं इस बात से खास तौर से उत्साहित हूं।”

रिलायंस एंटरटेनमेंट के उपाध्यक्ष अमिताभ झुनझुनवाला ने मेघना की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे देश के सर्वाधिक प्रतिभाशाली युवा निर्देशकों में से एक हैं।

झुनझुनवाला ने कहा, “हम भारत में अपने समय के सबसे प्रतिष्ठित कानून प्रवर्तन अधिकारियों में से एक राकेश मारिया के जीवन की गुमनाम साहसिक कहानियों और हमारे शहर को 24 घंटे और 365 दिन लगातार सुरक्षित रखे हुए मुंबई पुलिस के हजारों लोगों के योगदान को सामने लाने के लिए उनसे जुड़कर बहुत खुश हैं।”

मारिया भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1981 बैच के अधिकारी हैं।

उन्होंने मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले की गुत्थी सुलझाई। इसके बाद वे पुलिस उपायुक्त (अपराध) बन गए और इसके बाद वे मुंबई पुलिस में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) नियुक्त हुए।

मारिया ने 2003 में मुंबई में गेट वे ऑफ इंडिया और जावेरी बाजार में दोहरे बम धमाकों के मामले का खुलासा किया।

मारिया को 2008 में हुए मुंबई हमले की जांच करने तथा गिरफ्तार हुए एकमात्र जिंदा आतंकवादी अजमल कसाब से पूछताछ करने की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने इस मामले को सफलतापूर्वक सुलझाया।

इस वेब श्रृंखला की अन्य जानकारियों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493