सियोल, 7 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया ने सीमावर्ती गांव पनमुनजोम के जरिए देश की सीमा में प्रवेश करने वाले एक दक्षिण कोरियाई नागरिक को स्वदेश भेज दिया।
इसे उत्तर कोरिया के सकारात्मक मानवीय कदम के रूप में देखा जा रहा है। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय ने इस घटना की जानकारी दी।
दक्षिण कोरियाई समाचार एजेंसी योनहप के मुताबिक, एक दिन पहले दक्षिण कोरिया को दिए संदेश में उत्तर कोरिया ने दावा किया कि 22 जुलाई को 34 साल के दक्षिण कोरियाई नागरिक ने अवैध रूप से उसके देश में प्रवेश किया।
उत्तर कोरिया के रेड क्रॉस सोसाइटी ने सोमवार को दक्षिण कोरिया को सूचान दी कि वह उसके नागरिक को वापस भेज रहा है। सियोल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
एक जानकार सूत्र ने कहा कि दक्षिण कोरियाई अधिकारी उस नागरिक से पूछताछ कर रहे हैं कि उसने उत्तर कोरिया में प्रवेश कैसे किया। वह 22 जुलाई को चीन के लिए रवाना हुआ था।
कम्युनिस्ट राष्ट्र में तीन मिशनरियों सहित छह दक्षिण कोरियाई नागरिकों को हिरासत में रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath