नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में पैकेजिंग, लेबलिंग, लेमिनेशन अनुप्रयोगों और सिंथेटिक पेपर की वैश्विक कंपनी कॉस्मो फिल्म्स ने राजस्व में 24 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, जोकि 517.6 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2017-18 की पहली तिमाही में कंपनी ने 418.9 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कॉस्मो फिल्म्स ने एक बयान में कहा कि समीक्षाधीन अवधि में उसके परिचालन मुनाफे में 19 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जोकि 43.4 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में यह 36.6 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा बढ़कर 10.1 करोड़ रुपये हो गया, जोकि पिछले साल की समान तिमाही में 9.2 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने बताया कि इसकी मुख्य वजह सभी खंडों में बिक्री में वृद्धि है। हालांकि इस दौरान कच्चे तेल की कीमतों में कमी का भी फायदा हुआ। वहीं कमोडिटी फिल्म मार्जिन कमजोर रहे लेकिन कंपनी ने बढ़ी परिचालन क्षमता, वॉल्यूम वृद्धि और सभी खंडों की बिक्री बढ़ने की वजह से बेहतर परिचालन मुनाफा हासिल किया।
कॉस्मो फिल्म्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज पोद्दार ने बताया, “कंपनी ने उत्पादकता, बेहतर सोर्सिग और सभी खंडों की बिक्री में सुधार जैसी आंतरिक क्षमताओं पर ध्यान केंद्रित किया है। वहीं विदेशी सहायक कंपनियों के संचालन में सुधार से अच्छे परिणाम मिलने शुरू हो गए हैं।”
dharmpath.com dharmpath