रायपुर-मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज जिला मुख्यालय बिलासपुर के शासकीय जिला अस्पताल और अपोलो अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने वहां तखतपुर विकासखंड के ग्राम पेंडारी में आयोजित शिविर में नसबंदी के बाद बीमार हुई महिलाओं से मिलकर उनके स्वास्थ्य का हालचाल पूछा। डॉ. सिंह ने इन मरीजों के परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। मुख्य सचिव श्री विवेक ढांड भी उनके साथ थे। मुख्यमंत्री ने दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों को महिलाओं का बेहतर से बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डॉ. रमन सिंह ने नसबंदी शिविर में ऑपरेशन के बाद जिन महिलाओं की मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को चार-चार लाख रूपए तथा गंभीर बीमार महिलाओं को निःशुल्क इलाज के साथ पचास-पचास हजार रूपए की सहायता देने की भी घोषणा की। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है जिनमें परिवार कल्याण कार्यक्रम के राज्य समन्वयक डॉ. के.सी. उरांव, बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.सी. भांगे, तखतपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी और एक सरकारी सर्जन डॉ. आर.क.े गुप्ता शामिल हैं। बताया गया है कि ऑपरेशन डॉ. गुप्ता द्वारा किए गए थे। मुख्यमंत्री ने निलम्बन की कार्रवाई के साथ-साथ डॉ. गुप्ता के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।
dharmpath.com dharmpath