जकार्ता, 23 अगस्त (आईएएनएस)। पंद्रह साल के विहान शार्दूल ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के पांचवें दिन गुरुवार को निशानेबाजी में भारत के पदकों का सिलसिला जारी रखा है।
शार्दूल ने अपने पहले ही एशियाई खेलों में गले में रजत पदक डाला है। उन्होंने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में 73 अंकों के साथ दूसरा स्थान किया।
इसी स्पर्धा में हालांकि अंकुर मित्तल पदक हासिल नहीं कर पाए। राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले अंकुर फाइनल में भी नहीं पहुंच सके और क्वालीफिकेशन में ही नौवां स्थान हासिल कर बाहर हो गए।
शार्दूल ने क्वालीफिकेशन से ही पदक की उम्मीद बनाए रखी थी। उन्होंने क्वालीफिकेशन में ही पहला स्थान हासिल कर फाइनल में कदम रखा था।
राष्ट्रमंडल खेलों की एक और पदक विजेता श्रेयसी सिंह महिलाओं की डबल ट्रैप में पदक से चूक गईं। श्रेयसी को इस स्पर्धा के फाइनल में छठा स्थान हासिल हुआ, वहीं वर्षा को सातवां स्थान हासिल हुआ।
श्रेयसी ने इस स्पर्धा में 121 अंक हासिल कर छठा स्थान प्राप्त किया, वहीं वर्षा 120 अंकों के साथ एक स्थान नीचे सातवें स्थान पर रहीं।
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन की किंगनियान ली ने 136 अंक हासिल करते हुए अपने नाम किया। इसके अलावा, उनकी हमवतन यितिंग बाई ने 134 अंकों के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया।
कजाकिस्तान की मारिया दिमित्रियेंको ने 125 अंक हासिल कर कांस्य पर निशाना लगाया।
dharmpath.com dharmpath