एशियाई खेल (गोल्फ) : आदिल, थॉमस चमके , महिलाओं ने किया निराश

जकार्ता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी आदिल बेदी ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के छठे दिन शुक्रवार को अपना शानदार खेल जारी रखते हुए पुरुष एकल स्पर्धा के दूसरे दिन का अंत संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहकर किया है।

वहीं पहले दिन संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर रहने वाले रयान थॉमस ने भी शानदार वापसी करते हुए दूसरे दिन का अंत संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहकर किया। महिलाओं ने एक बार फिर निराश किया।

आदिल ने दूसरे दिन 70 का स्कोर किया। उन्होंने चार बोगी और पांच बर्डी लगाईं। थॉमस ने दूसरे दिन 69 का स्कोर किया। थॉमस ने दूसरे दिन के अपने खेल में सिर्फ एक बोगी नौवें होल पर लगाई जबकि चार बर्डी के साथ दो दिन के बाद उनका कुल स्कोर 140 है।

भारत के ही क्षितिज नावेद कौल 68 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर हैं जबकि एक और भारतीय खिलाड़ी हरि मोहन सिंह 73 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 35वें स्थान पर हैं।

इन चार खिलाड़ियों की भारतीय टीम पुरुष टीम स्पर्धा में 213 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर है।

महिला एकल स्पर्धा की बात की जाए तो पहले दिन संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहने वाली दीक्षा डागर दो दिन के खेल के बाद कुल 149 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 24वें स्थान पर आ गई हैं। रिद्धिमा दिलावारी उन्हीं के साथ 24वें स्थान पर हैं। सागू सिफात ने दूसरे दिन 72 का स्कोर करते हुए संयुक्त रूप से 20वां स्थान हासिल किया।

इन तीनों खिलाड़ियों की टीम महिला टीम स्पर्धा में कुल 144 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493