जकार्ता, 25 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले 16 साल के युवा निशानेबाज अनीश भानवाल यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।
अनीश स्पर्धा के दूसरे क्वालीफिकेशन में नौवें स्थान पर रहे। उन्होंने दो स्टेज के बाद कुल 576 का स्कोर किया। शिवम शुक्ला 569 भी फाइनल में जाने से चूक गए। उन्होंने 11वां स्थान हासिल किया।
अनीश ने शुरूआत में अच्छा प्रदर्शन किया था और लगातार फाइनल की रेस में बने हुए थे, लेकिन अंत में वह राह भटक बैठे और फाइनल में नहीं जा पाए। अनीश ने क्वालीफाइंग की पहली स्टेज में 293 का स्कोर कर तीसरा स्थान हासिल किया था। उसने दूसरे क्वालीफिकेशन में 283 का स्कोर किया ।
अनीश और शिवम के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच, पुरुष स्कीट क्वालीफिकेशन में सिराज शेख और अंगद वीर सिंह बाजवा क्रमश: 10वें,13वें स्थान पर रहे।
शेख ने तीन सीरीजों में 24, 23, 25 का स्कोर कर कुल 72 का स्कोर किया। वहीं अंगद ने 24, 25, 23 के कुल स्कोर के साथ ही 72 का स्कोर कर दूसरे क्वालीफिकेशन में जगह बनाई।
पहले स्थान पर पाकिस्तान के उस्मान खान रहे, जिन्होंने तीन सीरीज में 25, 25, 25 का स्कोर कुल 75 का स्कोर किया। क्वालीफिकेशन-2 के मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे।
पुरुष स्कीट क्वालीफिकेशन के अलावा महिला स्कीट क्वालीफिकेशन में गनीमत शेखोन और रश्मी राठौर शीर्ष-10 में जगह बनाने में सफल रहे।
गनीमत का तीन सीरीज को मिलाकर कुल स्कोर 68 रहा। उन्होंने पहली सीरीज में 22, दूसरी में 24 और फिर तीसरी में 22 का स्कोर किया।
वहीं राठौर ने भी 68 का स्कोर किया। उन्होंने पहली सीरीज में 24 का स्कोर किया तो वहीं बाकी की दो सीरीज में 22-22 का स्कोर किया।
पहले स्थान पर थाईलैंड की सुतिया जेइवचालोमेट रहीं जिन्होंने 73 का स्कोर किया। इस स्पर्धा का दूसरा क्वालीफिकेशन राउंड रविवार को खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath