नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रगति मैदान में शनिवार को दिल्ली पुस्तक मेला शुरू हो गया। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने मेले का उद्घाटन किया।
सिंह ने कहा कि उन्हें किताबों से काफी लगाव है, इसलिए यह मेला उनके लिए बहुत खास है। उन्होंने कहा, “मुझे पुस्तकों से विशेष प्रेम है। इसलिए यह मेला मेरे लिए बहुत खास है।”
मेला आयोजकों ने बताया कि मेले में इस बार प्रवेश मुफ्त है, इसलिए अधिक लोगों के आने की आशा की जाती है।
मेले का आगाज पूर्वाह्न् 11 बजे हुआ, और पहले ही दिन मेले में भारी तादाद में पुस्तकप्रेमी पहुंचे थे।
दरअसल, यह मेला किताब पढ़ने के शौकीन लोगों के लिए अपनी पसंद की किताबें खरीदने का अच्छा मौका होता है, जब उन्हें मेले में हाल में प्रकाशित पुस्तकें देखने को मिलती हैं। खास बात यह है कि एक जगह हर प्रकार की पुस्तकें उन्हें मिल जाती हैं। इसलिए दिल्ली पुस्तक मेले का पुस्तक प्रेमियों का सालभर से इंतजार रहता है।
इस बार मेले में कई नए प्रकाशकों ने हिस्सा लिया। आयोजकों से मिली जानकारी के मुताबिक, मेले में 120 प्रकाशकों ने 300 स्टाल लगाए हैं। इस बार मेला सिर्फ एक हॉल में ही लगा है।
साहित्य अकादमी, ललित कला अकादमी, नेशनल सेंटर फॉर एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) और नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) के स्टॉल पर पाठकों का जमावड़ा लगा हुआ था।
दिल्ली बुक फेयर में पहली बार आए पोरट्रॉनिक्स डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड और टोम्बो पोरट्रॉनिक्स डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड नए प्रकार गैजेट्स लाए हैं।
इंडियन ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन और फेडरेशन आफ इंडियन पब्लिशर्स की ओर से आयोजित 20वें स्टेशनरी मेले और चौथे कार्यालय स्वचालन और कॉपोर्रेट उपहार मेला की भी शुरुआत की गई।
dharmpath.com dharmpath