जकार्ता, 27 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 18वें एशियाई खेलों के नौवें दिन सोमवार को जापान को 3-1 से मात देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
इसी के साथ भारतीय टीम ने अपना पदक पक्का कर लिया है।
साथियान गणनसेकरन ने जापान के यूएडा जिन को सीधे गेमों में 11-9, 11-9, 11-7 से मात देते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। अगले मैच में अचंथा शरथ कमल ने केंटा माटसुडाइरा को 11-8, 12-10, 11-8 से शिकस्त दे भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
तीसरे मैच में हरमीत देसाई का सामना मासाकी योशिदा से था। जापानी खिलाड़ी ने भारतीय खिलाड़ी को पांच गेमों तक चले मुकाबले में 11-9, 12-14, 11-8, 8-11, 4-11 से मात दे भारत की जीत को थोड़ देर टाल अपनी टीम की वापसी की उम्मीदों को जिंदा कर दिया, लेकिन रिवर्स एकल में साथियन ने केंटा को 12-10, 6-11, 11-7, 11-4 से मात दे अपनी टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले भारतीय टीम ने सोमवार के ही दिन पहले मकाऊ और फिर वियतनाम को 3-0 के समान स्कोर से मात दे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
dharmpath.com dharmpath