कैनबरा, 30 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने के लिए आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन गुरुवार को अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा पर इंडोनेशिया के लिए रवाना हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, आठ साल की वार्ता के बाद यह समझौता सामने आया है, जो दोनों देशों को शिक्षा, कृषि, आर्थिक, सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी में मदद करेगा।
मॉरिसन शुक्रवार को इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो से मुलाकात करेंगे, जहां एफटीए वार्ताओं को अंतिम रूप दिया जाएगा और व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर किया जाएगा।
हालांकि, समझौते पर फौरन औपचारिक रूप से हस्ताक्षर नहीं किया जाएगा लेकिन मॉरिसन ने इस दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया है।
यह आस्ट्रेलियाई विश्वविद्यालयों को इंडोनेशियाई संस्थानों में हिस्सेदारी की अनुमति देगा और कृषि क्षेत्र को भी प्रभावित करेगा, जो एशियाई राष्ट्र को लगभग 50 प्रतिशत गेहूं निर्यात करता है। साथ ही कपास, जीवित पशु, चीनी और गोमांस का निर्यात होता है।
dharmpath.com dharmpath