जकार्ता, 31 अगस्त (आईएएनएस)। भारत को यहां जारी 18वें एशियाई खेलों के 13वें दिन सेलिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में एक रजत व दो कांस्य पदक मिले। श्वेता शेरवेगर और वर्षा गौतम की जोड़ी ने महिलाओं की 49-ईआर एफएक्स स्पर्धा में रजत पदक अर्जित किया जबकि अशोक ठक्कर एवं के.सी. गणपति ने पुरुषों की 49ईआर और हर्षिता तोमर ने ओपन लेसर 4.7 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता ।
श्वेता शेरवेगर और वर्षा गौतम ने शानदार प्रदर्शन किया और महिलाओं की 49-ईआर एफएक्स स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। भारतीय जोड़ी ने 15 रेस के बाद कुल 44 अंक और 40 नेट अंक हासिल कर रजत पदक पर कब्जा किया।
इस जीत के बाद इन्होंने कहा कि अब अगला लक्ष्य टोक्यो ओलम्पिक में पदक जीतना है।
सिंगापुर की लो रुइ और लिम मिन की टीम ने पहले स्थान पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता है। थाईलैंड की कलहान कामोनचानोक और वाईवाई निचपा की टीम को कांस्य पदक हासिल हुआ।
अशोक ठक्कर एवं के.सी. गणपति ने पुरुषों की 49ईआर स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने कुल 53 अंक और 43 नेट अंक अर्जित करते हुए पदक अपने नाम किया। स्पर्धा का स्वर्ण जापान की शिंगेन फुरुया और शिंजी हाचियामा के नाम रहा जिन्होंने 49 का स्कोर किया। दक्षिण कोरिया की बोनजिन चाए और किम डोंगवूक ने 50.5 का स्कोर कर रजत पदक अपने नाम किया।
भारत की हर्षिता तोमर ने ओपन लेसर 4.7 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। हर्षिता ने इस स्पर्धा में कुल 62 अंक और 50 नेट अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। हर्षिता को पछाड़ते हुए मलेशियाई मोहम्मद फौजी कमान शाह ने स्वर्ण पदक पर और चीनी जियानशियोंग वांग ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा, लासरे राडियल स्पर्धा में भारत की नेत्रा कुमानन को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारतीय खिलाड़ी ने 65 का कुल स्कोर और 54 नेट हासिल किए लेकिन वह पदक नहीं जीत पाई।
मिक्स्ड आरएस वन स्पर्धा में भी भारतीय टीम को निराशा हाथ लगी। भारत 227 के कुल स्कोर और 209 के नेट स्कोर के साथ आखिरी पायदान पर रहा। इस स्पर्धा में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया था।
dharmpath.com dharmpath