इंदौर, 14 नवंबर – मध्य प्रदेश में नगर निकाय के चुनाव के समय कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रेमचंद्र गुड्डू ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाकर प्रतिपक्षी दलों का काम आसान कर दिया है। उन्होंने कहा कि उज्जैन जिले के महिदपुर में ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया गया है जिसका नाता प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट आफ इंडिया (सिमी) से है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद गुडडू ने एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि आज पार्टी की प्रदेश इकाई की कमान ऐसे व्यक्ति के पास है, जिससे फोन तक पर बात करना कठिन है। पार्टी इकाई में कर्मठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हुई है।
गुडडू का कहना है कि उन्होंने पार्टी में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुने जाने से दुखी होकर ही पद से इस्तीफा दिया है। वे अपनी बात से पार्टी हाईकमान को भी अवगत कराएंगे।
उनका कहना है कि एक तरफ पार्टी में कार्यकर्ता की उपेक्षा हो रही है दूसरी ओर सिमी से संबद्ध लोगों को पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा रहा है, इससे पार्टी की छवि को धक्का पहुंचता है।
राज्य में नगरीय चुनाव के लिए हुए टिकट वितरण के बाद से कांग्रेस के भीतर घमासान मचा हुआ है। गुड्डू प्रदेश इकाई के तीसरे उपाध्यक्ष हैं, जिन्होंने टिकट वितरण में उपेक्षा व मनमानी से नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दिया है।
dharmpath.com dharmpath