पटना, 16 नवंबर – बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने रविवार को बिहार के पत्रकारों के लिए पेंशन योजना प्रारंभ करने तथा पटना समेत बिहार के सभी जिलों में प्रेस क्लब भवन बनाने की घोषणा की। पटना में प्रेस दिवस के मौके पर आयोजित एक सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने पत्रकारों के लिए पेंशन योजना प्रारंभ करने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन योजना जल्द प्रारंभ करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस पर जो भी राशि खर्च होगी, सरकार उसका वहन करेगी।
उन्होंने बिहार के सभी जिलों में प्रेस क्लब बनवाने की भी घोषणा की। मांझी ने कहा, “मेरी इच्छा है कि अगले तीन महीने के अंदर पूरे राज्य में प्रेस क्लब का उद्घाटन एक साथ पटना से करें।”
इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों को सेाच के दायरे को बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि प्रजातंत्र के इस चौथे स्तंभ पर सबको भरोसा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सृजनात्मक पहलुओं की खमियों की ओर ध्यान देना चाहिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार और राज्यसभा सांसद हरिवंश ने कहा कि प्रेस को हमेशा सूचना संपन्न जानकारी देने का काम करना चाहिए। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को विकास की राजनीति पर केन्द्रित रहने की अपील की।
इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रधान सचिव अतीष चंद्रा ने कहा कि सरकार राज्य के प्रेस प्रतिनिधियों के कल्याण के लिए कदम उठाती रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जो लोग हैं, उनकी पारदर्शिता एक चुनौती है।
dharmpath.com dharmpath