ओवल टेस्ट : राहुल के शतक से भारत की उम्मीदें कायम

लंदन, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। लोकेश राहुल (नाबाद 108) के करियर के पांचवें शतक की मदद से भारत ने यहां ओवल मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच के पांचवें दिन मंगलवार को लंच तक पांच विकेट पर 167 रन बना लिए हैं।

भारत को अभी मैच जीतने के लिए 297 रन और बनाने हैं जबकि उसके पांच विकेट ही शेष हैं। इंग्लैंड ने भारत के सामने 464 रनों का लक्ष्य रखा हुआ है। इन हालात में हार को टालकर मैच ड्रा करा ले जाना भी मायने रखेगा।

लंच के समय राहुल 126 गेंदों की पारी में 17 चौके और एक छक्के की मदद से 108 और ऋषभ पंत 22 गेंदों की पारी में एक चौके और एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

इससे पहले, भारत ने सुबह अपने कल (सोमवार) के स्कोर तीन विकेट पर 58 रन से आगे खेलना शुरू किया।

राहुल ने 46 और अजिंक्य रहाणे ने 10 रन से आगे खेलना शूरू किया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी की। रहाणे टीम के 120 के स्कोर पर मोइन अली की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 106 गेंदों की पारी में पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए।

रहाणे के आउट होने के एक रन बाद ही अपना पदार्पण मैच खेल रहे और पहली पारी में अर्धशतक बनाने वाले हनुमा विहारी खाता खाले बिना बेन स्टोक्स की गेंद पर आउट हो गए।

राहुल ने इसके बाद पंत के साथ मिलकर लंच तक भारत को और झटका नहीं लगने दिया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए अब तक 46 रन की साझेदारी हो चुकी है।

इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन 33 रन पर दो विकेट, स्टुअर्ट ब्रॉड 30 रन पर एक विकेट, मोइन अली 47 रन पर एक विकेट और बेन स्टोक्स 29 रन पर एक विकेट प्राप्त कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493