सरदार सिंह के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : हॉकी इंडिया

नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने हाल ही में खेल को अलविदा कहने वाले सरदार सिंह को शानदार करियर के लिए बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। सरदार को हॉकी विश्व कप के लिए चुनी गई टीम में जगह नहीं मिली थी।

सरदार ने बुधवार को अपने 12 साल के हॉकी करियर को विराम देने की घोषणा की। उन्होंने गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता में इसका औपचापिक ऐलान किया। एचआई ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर सरदार को बधाई और शुभकामना दी।

एचआई के अध्यक्ष राजिंदर सिंह ने कहा, “टीम के अच्छे और बुरे, दोनों समय में सरदार सिंह ने बेहद प्रतिबद्धता दिखाई है। उनकी योग्यता और दृढ़संकल्प उन्हें खेल का सच्चा दूत बनाते हैं। उन्होंने अपने प्रदर्शन से देश के कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। एक कप्तान के तौर पर उन्होंने 2014 के एशियाई खेलों में देश को शानदार और ऐतिहासिक जीत दिलाई थी।”

उन्होंने कहा, “वह टीम में बदलाव और वर्ल्ड रैंकिंग में टीम के आगे बढ़ने के गवाह रहे हैं। उनके दिए गए योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हॉकी इंडिया उनके दिए गए योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा करती है। हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”

सरदार हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में संपन्न हुए एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493