बैडमिंटन : कांटे के मुकाबले में हारीं सायना, कोरिया ओपन से बाहर

सियोल, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। वर्ल्ड नम्बर-10 बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को यहां जारी कोरिया ओपन में शुक्रवार को निराशा का सामना करना पड़ा।

भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना अपनी चिर प्रतिद्वंद्वी जापान की नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ कांटे के मुकाबले में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

इस हार के कारण वह एक बार फिर कोरिया ओपन खिताब जीतने का मौका चूक गईं। महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सायना को वर्ल्ड नम्बर-8 ओकुहारा ने 59 मिनट तक चले मुकाबले में 21-15, 15-21, 20-22 से मात दी।

सायना ने पहला गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद दूसरे गेम में ओकुहारा ने 21-15 से जीत हासिल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।

दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरा गेम रोमांचक रहा। सायना ने इस गेम में शुरुआत से ही बढ़त बना रखी थी। एक समय पर उन्होंने जापानी खिलाड़ी को 20-16 से पछाड़ दिया था।

यहां ओकुहारा ने लगातार चार अंक हासिल किए और पूरे मैच की बाजी पलटते हुए सायना के खिलाफ अपना स्कोर 20-20 से बराबर कर लिया।

ओकुहारा ने इसके बाद कोई और गलती न करते हुए दो और अंक लिए और तीसरे गेम को 22-20 से जीतने के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493