राज कपूर की पत्नी कृष्णा कपूर का निधन (लीड-2)

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के शोमैन राज कपूर की पत्नी कृष्णा कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। उनके परिवार के एक सदस्य ने यह जानकारी दी।

कृष्णा ने राज कपूर से 1946 में शादी की थी। उनके तीन बेटे रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर और दो बेटियां रितु नंदा और रीमा कपूर जैन हैं।

कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर ने इंस्टाग्राम के जरिए दादी कृष्णा कपूर की याद में एक बेहद खास तस्वीर साझा की। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, “मैं आपको प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे दादी।”

रिद्धिमा के पिता ऋषि कपूर फिलहाल यहां नहीं हैं। वह हाल ही में अपने इलाज के लिए अमेरिका के लिए रवाना हुए थे।

बॉलीवुड के सितारे ट्वीट कर शोक जता रहे हैं।

बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी ट्विटर पर लिखा, “श्रीमति कृष्णा राज कपूर जी के निधन की खबर से मैं दुखी हूं। वो सबसे प्रतिष्ठित और स्नेही महिलाओं में से एक थीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। कपूर और नंदा परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।”

अभिनेत्री सोहा अली खान ने कृष्णा कपूर से जुड़ी यादें साझा कीं, जो हमेशा सुंदर ढंग से तैयार होती थीं।

सोहा ने लिखा, “उनका जीवंतता और जुनून से भरा एक अविश्वसनीय व्यक्तित्व था। वह हमेशा बहुत याद आएंगी। परिवार के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं।”

अभिनेत्री रवीना टंडन ने ट्वीट किया “पूरे कपूर परिवार को संवेदना, कृष्णा राज कपूर के निधन के साथ एक युग का अंत हो गया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493