चैम्पियंस लीग : रोमा ने प्लजेन को हराया, जेको ने लगाई हैट्रिक

रोमा, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बोस्निया के स्ट्राइकर एडिन जेको के शानदार हैट्रिक की बदौलत मंगलवार देर रात यहां ग्रुप-जी के मुकाबले में इटली के क्लब एएस रोमा ने विक्टोरिया प्लजेन के खिलाफ 5-0 से जीत दर्ज की।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, जेको के अलावा सेंगीज ऊंदर और जस्टिन क्लुइवर्ट ने गोल दागे।

रोमा ने मैच में शुरू से ही दमदार प्रदर्शन किया। तीसरे मिनट में जेको ने चेक गणराज्य में स्थित क्लब के खिलाफ पहला गोल दागा।

पहला हाफ समाप्त होने से पहले 40वें मिनट में जेको ने मैच का दूसरा गोल किया।

प्लजेन के लिए दूसरा हाफ और मुश्किल साबित हुआ। 64वें मिनट में गोल करके ऊंदर ने स्कोर 3-0 कर दिया।

इसके बाद भी मेजबान टीम ने अपने आक्रमण को और तेज किया। चौथा गोल 73वें मिनट में क्लुइवर्ट ने दागा।

ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जेको अपनी हैट्रिक पूरी नहीं कर पाएंगे लेकिन इंजुरी टाइम (92वें मिनट) में उन्होंने शानदार गोल करते हुए रोमा की 5-0 से जीत सुनिश्चित कर दी।

इस जीत के बाद रोमा अपने ग्रुप में तीन अंकों के साथ तीसरे पायदान पर बनी हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493