प्रियांक शर्मा अपना नृत्य कौशल दिखाने के उत्सुक

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला’ और ‘बिग बॉस’ करने के बाद अभिनेता प्रियांक शर्मा का कहना है कि वह ऐसा रिएलिटी शो करना चाहते हैं, जिसमें उन्हें बतौर अभिनेता और डांसर अपना कौशल दिखाने का मौका मिल सके।

प्रियांक ने आईएएनएस को मुंबई से फोन पर बताया, “मैं एक कलाकार के तौर पर आगे जाना चाहता हूं। मैंने अपना करियर एक एंकर के तौर पर शुरू किया और फिर सोचा कि मैं डांसर के तौर पर अपनी छाप छोड़ना चाहता हूं। लेकिन मैंने डांसिंग को एक पेशे के तौर पर छोड़ दिया और रिएलिटी शो करने लगा।”

उन्होंने कहा, “रिएलिटी शो से मेरा मन भर गया है। मैं एक कलाकार के तौर पर काम करना चाहता हूं, जो मैं बेहतर कर सकता हूं और रिएलिटी शो में एक प्रतिभागी या शायद डांसर के तौर पर भाग लेना चाहता हूं। मैं ‘एमटीवी रोडीज’ जैसे शो, ‘स्प्लिट्स विला’ जैसे डेटिंग शो या ‘बिग बॉस’ जैसे शो नहीं करना चाहता हूं।”

जल्द ही एएलटी की वेब श्रंखला ‘पंच बीट’ में नजर आने वाले प्रियांक का कहना है कि वह अब एक रिएलिटी शो जीतना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने छाप तो छोड़ी है, लेकिन कभी कोई शो जीता नहीं है। मैं स्वीकार कर सकता हूं कि मैंने सभी रिएलिटी शो गंवाए हैं। मुझे लगता है कि मैं अगर एक डांसर के तौर पर जाऊं तो मैं जीत सकता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493