गुरुग्राम, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने गुरुवार को पद्मश्री पुरस्कार विजेता और पैरालीम्पिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट दीपा मलिक को पुरस्कृत किया।
दीपा को पैरा-एशियाई खेलों-2018 में देश के गौरवांन्वित करने और उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।
उल्लेखनीय है कि दीपा ने लगातार तीसरी बार पैरा-एशियाई खेलों में पदक हासिल किया है। इन पैरा-एशियाई खेलों के दौरान होंडा 2-व्हीलर इंडिया ने उनका समर्थन किया है।
होंडा 2-व्हीलर ने दीपा को उनके प्रशिक्षण से संबंधित उपकरणों, व्हीलचेयर, फिजियोथेरेपिस्ट और कोचिंग के शुल्क में स्पांसर किया। दीपा ने इस समर्थन के लिए कंपनी का आभार जताया।
दीपा ने 2016 रियो ओलम्पिक में गोला फेंक स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया था। उन्हें 2012 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था। पिछले साल उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया।
इस मौके पर दीपा ने कहा, “एक पैरालम्पिक एथलीट होने के कारण आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और मेरे इस सफर में समर्थन के लिए मैं होंडा की शुक्रगुजार हूं। निजी तौर पर भी होंडा मेरे जीवन का हिस्सा रहा है। मुझे अपने देश के लिए होंडा के समर्थन के साथ और भी पदक जीतने का इंतजार है।”
होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में सामान्य और कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक हरभजन सिंह ने कहा, “एक जिम्मेदार कोर्पोरेट नागरिक होने के नाते होंडा ने कई क्षेत्रों में अपना समर्थन दिया है। इस बार होंडा ने देश का गौरव बनीं दीपा को पुरस्कृत करने का फैसला लिया। उन्हें पुरस्कृत कर हम गर्व महसूस कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath