नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ की होबोकेन प्राइवेट लिमिटेड ने अमेरिकी कंपनी नेशनल रिएल्टी इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स के साथ साझेदारी की है, जिसका मकसद भारतीय कारोबारियों को अमेरिका में ईबी 5 वीजा हासिल करने में मदद करना है।
कंपनी ने कहा कि इसके लिए इमीग्रेशन प्रोसेस सर्विस शुरू की जाएगी।
कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि अमेरिका में ईबी-5 इमीग्रेन्ट इन्वेस्टर वीजा प्रोग्राम पांच रोजगार आधारित वरीयता कार्यक्रमों में से एक है, जिसका मकसद अमेरिका में उच्च बेरोजगारी के क्षेत्रों या ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास तथा विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है।
होबोकेन ने विज्ञप्ति में कहा, “इस साझेदारी के माध्यम से उन भारतीयों को पांच लाख डॉलर के निवेश पर ग्रीन कार्ड मिल सकेगा जो अमेरिका जाकर रहना चाहते हैं। हालांकि इस प्रक्रिया में 5 साल तक लग सकते हैं।”
नेशनल रिएल्टी इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ग्लेन ला मटीना ने कहा, “हर साल अमेरिका जाकर बसने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ रही है। ग्रीन कार्ड पाने के दौरान उन्हें कई प्रक्रियाओं से होकर गुजरना पड़ता है। हम चाहते हैं कि उनका निवेश बेकार न जाए। हमें उम्मीद है कि होबोकेन और भारत के साथ हमारे ये रिश्ते बेहद फलदायी साबित होंगे।”
होबोकेन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर व सीईओ निशांत सिवल ने कहा, “यह साझेदारी अनेक लोगों के जीवन में बदलाव ला सकती है। इसके माध्यम से हम भारतीयों के लिए पहली बार निवेश का अवसर लेकर आए हैं। चीन, दक्षिणी कोरिया, ताइवान और संयुक्त राष्ट्र से बड़ी संख्या में निवेशक इमीग्रेशन की इस प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath