चोनबुरी (थाईलैंड), 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोपाल के खिलाफ एएफसी अंडर-19 वुमेंस चैम्पियनशिप क्वालीफायर में शुक्रवार को मिली हार के बाद भारतीय महिला फुटबाल टीम के कोच एलेक्स एंब्रोस का मानना है कि उनकी टीम को अगले मुकाबले में अपना 100 प्रतिशत देना होगा।
एंब्रोस को यह भी उम्मीद है कि मेजबान टीम थाईलैंड के खिलाफ अगले मुकाबले में भारत की अंडर-19 टीम की लड़कियां वापसी करने में कामयाब होंगी।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने एंब्रोस के हवाले से बताया, “वे कल के नतीजे से खुश नहीं हैं। लेकिन इस उम्र में उन्हें मौके मिलने चाहिए। पिछला मुकाबला बेहद कड़ा था लेकिन वे इन गलतियों से सीखेंगी। उन्हें खुद पर भरोसा रखना होगा। खिलाड़ियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय टीमों का मुकाबला करना महत्वपूर्ण है और वह जितना खेलेंगी, उतना ही बेहतर होंगी।”
एंब्रोस ने कहा, “हम थाईलैंड के खिलाफ अपना 100 प्रतिशत देंगे। मैंने थाईलैंड को खेलते हुए देखा है और वह एक शानदार टीम है। उनके पास तकनीकी रूप से बेहतरीन और ताकतवर खिलाड़ी हैं। हम मौकों को भुनाकर जीत दर्ज करने का प्रयास करेंगे।”
भारतीय टीम रविवार को यहां थाईलैंड से भिड़ेगी।
dharmpath.com dharmpath