भुवनेश्वर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा का प्रयोग बढ़ाने के लिए एक योजना लांच किया है।
मुख्यमंत्री ने यहां मीडिया को बताया कि ‘सौरा जलानिधि’ योजना के तहत किसानों को 90 फीसदी सब्सिडी पर 5,000 सौर पंप दिए जाएंगे। इससे राज्य के 2,500 एकड़ क्षेत्र में सिंचाई का लाभ मिलेगा।
आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्य सरकार ने उन क्षेत्रों में सोलर फोटोवोल्टिक पंप सेट्स का प्रयोग बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि जहां बिजली व्यवस्था बदहाल है, वहां सिंचाई की सुविधा मुहैया कराई जा सके।
सरकार ने इस योजना के लिए वित्तवर्ष 2017-18 में 27.18 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया है।
इस योजना से सालाना 1.52 लाख मानव दिवस रोजगार का सृजन होगा, तथा 5,000 परिवारों की आजीविका में मदद मिलेगी, तथा कार्बन पदचिन्हों में भी कमी आएगी।
बयान में कहा गया कि इस योजना के तहत उन छोटे और सीमांत किसानों को कवर किया जाएगा, जिनके पास कम से 0.5 एकड़ की कृषि भूमि हो और उनके पास सिंचाई के लिए कुआं हो।
dharmpath.com dharmpath