प्रीमियर लीग : लिवरपूल ने फुल्हम पर 2-0 से आसान जीत दर्ज की

लिवरपूल, 11 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के 2018-19 सीजन में दमदार प्रदर्शन कर रही लिवरपूल की टीम ने रविवार को यहां 12वें दौर के मुकाबले में फुल्हम को 2-0 से पराजित किया।

इस हार के बाद फुल्हम की मुश्किलें और बढ़ गई है क्योंकि वे पांच अंकों के साथ तालिका में आखिरी पायदान पर मौजूद है जबकि लिवरपूल 30 अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है।

लिवरपूल ने अपने घरेलू मैदान एनफील्ड स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया।

मेजबान टीम ने दोनों विंग से अटैक किए और फुल्हम के डिफेंस को लगातार परेशान किया। फारवर्ड खिलाड़ी मोहम्मद सलाह ने मेहमान टीम के डिफेंडरों को चैन की सांस नहीं लेने दी।

मैच के 41वें मिनट में लिवरपूल ने काउंटर अटैक किया। लिवरपूल के डिफेंडर एंड्रयू रॉबर्टसन ने अपने हाफ से पास दिया और सलाह ने गेंद के साथ अच्छी दौड़ लगाते हुए गोल किया।

एक गोल की बढ़त बनाने के बाद भी मेजबान टीम ने अपने खेल को धीमा नहीं किया। दूसरे हाफ की शुरुआत भी लिवरपूल के लिए अच्छी रही। 53वें मिनट में जारदान शकीरी ने बॉक्स के अंदर से वॉली पर दमदार गोल करते हुए मेजबान टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया।

लिवरपूल ने पूरे मैच के दौरान 73 प्रतिशत बॉल पोजेशन रखा और कुल सात बार गेंद को गोल पर दागा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493