बैडमिंटन : सिंधु हांगकांग ओपन से बाहर

कॉलून (हांगकांग), 15 नवंबर (आईएएनएस)। ओलम्पिक रजत पदक विजेता भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु गुरुवार को यहां हांगकांग ओपन में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

तीसरी सीड सिंधु को महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सुंग जी हियून से नजदीकी मुकाबले में मात खानी पड़ी। कोरियाई खिलाड़ी ने सिंधु को 59 मिनट में 26-24, 22-20 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

सिंधु के हारने के साथ ही महिला एकल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। उनसे पहले सायना नेहवाल को अपने पहले दौर के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

इस जीत के साथ ही हियून ने सिंधु के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 6-8 का कर लिया है।

क्वार्टर फाइनल में हियून का सामना आठवीं सीड चीन की ही बिंगजियाओ से होगा जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में जापान की आया ओहरी को 29 मिनट में 21-10, 21-12 से हराया।

सिंधु के अलावा पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी को भी शिकस्त झेलनी पड़ी।

चीनी ताइपे के ली झे हुई और ली यांग की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 27 मिनट में 21-16, 21-15 से हराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493