प्रो कबड्डी लीग : घरेलू मैदान पर गुजरात ने यूपी को 37-32 से हराया

अहमदाबाद, 18 नवंबर (आईएएनएस)। प्रो-कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के अहमदाबाद लेग में रविवार को भी यहां गुजरात फॉर्च्यून जाएंट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यूपी योद्धा को 37-32 से मात दी।

द एरेना बाई ट्रांस्टाडिया में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में गुजरात के लिए रेड के जरिए सबसे अधिक अंक सचिन तनवर (8) जबकि डिफेंस के जरिए सबसे अधिक अंक सुनील कुमार (5) ने अर्जित किए। यूपी के लिए रेडर श्रीकांत जाधव ने 11 अंकों का योगदान दिया जबकि डिफेंडर नीतेश कुमार ने पांच अंक हासिल किए।

गुजरात की टीम मैच के पहले मिनट से ही आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आई और उसने दमदार शुरूआत की। मेजबान टीम ने कप्तान एवं डिफेंडर सुनील और रेडर सचिन के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत पहले 10 मिनट में ही 15-5 की बड़ी बढ़त बना ली।

मेजबान टीम ने मैच पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी। पहले हाफ की समाप्ति पर गुजरात 19-10 से आगे रहा।

यूपी ने दूसरे हाफ की शुरुआत में रक्षात्मक खेल दिखाया। मेहमान टीम ने अंकों के अंतर को कम करते हुए स्कोर 21-17 कर दिया।

यूपी की टीम ने मैच में धमाकेदार वापसी की और गुजरात को ऑल आउट करते हुए 23-22 की बढ़त बना ली। ऐसे में डिफेंडर सचिन विट्टाला रेड लगाने आए और उन्होंने अपनी टीम को दो अंक दिलाकर दोबारा 25-23 से आगे कर दिया।

इसके बाद, मेजबान टीम ने यूपी को ऑल आउट करने में कामयाबी पाई और मैच अपने नाम किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493