मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। वर्तमान में डिजिटल-आधारित टैलेंट हंट शो ‘हैप्पी क्लब’ की मेजबानी कर रहे कॉमेडियन राजीव ठाकुर ने कहा कि डिजिटलाइजेशन महत्वाकांक्षी हास्य कलाकारों के लिए एक वरदान है, क्योंकि केवल एक क्लिक से वे पूरी दुनिया को हंसा सकते हैं।
ठाकुर ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, “किसी ऐसे व्यक्ति की तलाशने की जरूरत नहीं है जो आपको लॉन्च कर सके। मेरे समय में ऐसा नहीं था। डिजिटलाइजेशन से अगली पीढ़ी के लिए कई रास्ते खुल गए हैं। अगर आपका विषय अच्छा है तो आप एक वीडियो बनाएं और इंटरनेट पर अपलोड करें।”
10 वर्षो से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे कॉमेडियन का मानना है कि कुछ लोग इंटरनेट की ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने हास्य कलाकारों से आग्रह किया है कि किसी की भावनाओं को चोट ना पहुंचाएं।
उन्होंने कहा, “एक अच्छी कॉमेडी के लिए सबसे महत्वपूर्ण नियम है कि किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहिए। कई बार कॉमेडियन अपनी सीमाएं तोड़ देते हैं और ऐसा मजाक करते हैं, जो दूसरों की भावनाओं को आहत करते हैं। बतौर कॉमेडियन यह देखना चाहिए कि मजाक में नकारात्मकता ना हो।”
dharmpath.com dharmpath