साउथहेम्पटन, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रीमियर लीग में शनिवार देर रात खेले गए मैच के परिणाम से मैनचेस्टर युनाइटेड के मुख्य कोच जोस मोरिन्हो खुश भी हैं और निराश भी।
जहां एक ओर मोरिन्हो का मानना है कि टीम में जुनूनी खिलाड़ियों की कमी है, वहीं वह यह भी मानते हैं कि साउथहेम्पटन के खिलाफ प्रीमियर लीग मैच में खिलाड़ियों ने अच्छा संघर्ष किया।
प्रीमियर लीग में शनिवार रात को खेला गया मैच युनाइटेड और साउथहेम्पटन के बीच 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
इस मैच के बाद ‘बीटी स्पोर्ट’ को दिए एक बयान में मोरिन्हो ने कहा, “हमने मिडफील्डर पर कई मौके छोड़े। दूसरे हाफ में हम पिछड़ गए थे। खिलाड़ी इस बात को नहीं समझते कि खेल की सरलता ही उसका सबसे बड़ा गुण है, खासकर पिच के कई हिस्सों में।”
मोरिन्हो ने कहा कि इस मैच में खिलाड़ियों को मिडफील्डर की सरलता में सुधार की जरूरत थी। इसे सरल तरीके से खेलना था और फुटबाल को आक्रामक खिलाड़ियों को पास करना था। हालांकि, उन्होंने अच्छा संघर्ष करते हुए इस मैच को 2-2 से ड्रॉ करा दिया।
कोच ने कहा, “हमारी टीम में जुनूनी खिलाड़ी नहीं है, जो फुटबाल पर अपना दबदबा बनाए रखें। कई खिलाड़ियों के उदाहरण हैं, जो सीमा में रहकर संघर्ष करते हैं। इसमें मार्कस रशफोर्ड और फिल जोन्स के नाम शामिल हैं। टीम का प्रदर्शन सकारात्मक था।”
dharmpath.com dharmpath