दिल्ली के 5 बच्चे आस्ट्रेलियन ओपन-2019 में होंगे बॉल किड्स

नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियन ओपन-2019 में बॉल किड्स के तौर पर हिस्सा लेने के लिए 10 बच्चों को चयन कर लिया गया है। किया बॉल किड्स कार्यक्रम में चुने गए इन 10 बच्चों में से छह बच्चे दिल्ली से चुने गए हैं जबकि एक-एक बहादुरगढ़ (हरियाणा), मुंबई, चंडीगढ़, हैदराबाद और लखनऊ से हैं। इनमें चार लड़कियां भी शामिल हैं।

मंगलवार को एक संववाददाता सम्मेलन में इस बात की घोषणा की गई। इस मौके पर भारत की डेविस कप टीम के कप्तान महेश भूपति भी मौजूद थे, जो इन बच्चों को प्रशिक्षण देंगे। भूपति कई मौकों पर ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं।

दिल्ली से चुने गए पांच बच्चों में अक्षित चौधरी (जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, मॉडल टाउन), सोनम दीवान (मिराम्बिका प्री-प्रोग्रेस स्कूल), रिहव ओझा (डीपीएस, वसंत कुंज), स्वाति मल्होत्रा (दिल्ली पब्लिक स्कूल, रोहिणी) और अनन्या सिंह (प्रगति पब्लिक स्कूल, द्वारका)।

पूरे देश से 100 बच्चों को चुनने में भूपति ने अहम भूमिका निभाई है। इसके बाद भारतीय टेनिस दिग्गज ने इन्हें प्रशिक्षण भी दिया है। वह अब बॉल किड्स की जिम्मेदारी निभाने के लिए चुनें 10 बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे।

गाडियां बनने में विश्व में आठवें नंबर की कंपनी-किया मोटर्स बीते कई सालों से इस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट का आधिकारिक साझेदार है। किया आस्ट्रेलियन ओपन बॉल किड्स अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम की भी संचालन करता है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा भारतीय बच्चों का स्थान सुरक्षित है।

यह कार्यक्रम पहली बार भारत में आया है, जिसमें पूरे देश से कुल 2000 युवा टेनिस खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पिछले महीने इन तमाम बच्चों में 10 बच्चे चुने गए। दिल्ली के अलावा जो चार बच्चे चुने गए हैं उनमें, जेनिका जेसन (सेंट जोसेफ स्कूल, मुंबई), सार्थक गांधी (स्ट्रॉबैरी फील्ड्स हाई स्कूल, चंडीगढ़), एम. वशिष्ट कुमार रेड्डी (सेंट जॉन हाई स्कूल, हैदराबाद), अंतित पिलानिया (सेंट थॉमस स्कूल, बहादुरगढ़), नमन मेहता (एलए. मार्टिनिएरे ब्वॉएज, लखनऊ) के नाम शामिल हैं।

कंपनी ने इस कार्यक्रम से लिए अक्टूबर में एंट्रीस मंगाई थीं, जिसका मकसद युवा टेनिस खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर पर टेनिस देखने का मौका देना है।

पहले चरण के ट्रायल्स को चार शहरों में- बेंगलुरू, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में आयोजित किया गया था। इन ट्रायल्स में पांच राउंड हुए थे जिसमें रोलिंग द बॉल, स्पीड, एजिलिटि टेस्ट, स्पाइडर ड्रिल, थ्रोइंग द बॉल और बेहतर संवाद शामिल है।

किया मोटर्स इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कूकयून सिम ने कहा, “किया आस्ट्रेलिया ओपन बॉल किड्स अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के प्रति युवा टेनिस खिलाड़ियों के जोश को देखकर मैं काफी खुश हूं। मुझे लगता है कि यह बच्चों में टेनिस के प्रति रूचि को भी बढ़ाएगा और चुने गए बच्चों को शीर्ष स्तर पर खेल का लुत्फ उठाने का मौका भी देगा।”

महेश भूपति ने कहा, “मैं इस कार्यक्रम का हिस्सा बन कर खुश हूं। मुझे लगता है कि इस कार्यक्रम से युवा बच्चों में टेनिस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। यह बच्चों के लिए जीवन में मिलने वाला एक मात्र मौका है जो उन्हें अपने कौशल को निखारने में मदद करेगा।”

जॉन मैक्नरो, रोजर फेडरर और महेश भूपति जैसे टेनिस के कई दिग्गजों ने भी बॉल ब्वॉएज के तौर पर हिस्सा लिया है। किया का मकसद भारत में अगले टेनिस सुपर स्टार को आगे लाना है इसलिए वह इस कार्यक्रम को भारत लेकर आया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493