प्रो कबड्डी लीग : बंगाल ने तीसरी बार दी टाइटंस को मात

कोलकाता, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। मेजबान बंगाल वॉरियर्स ने मंगलवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के छठे सीजन के मैच में तेलगू टाइटंस को 39-34 से हरा दिया।

बंगाल की यह इस सीजन में टाइटंस के ऊपर तीसरी जीत है। तीनों बार बंगाल ने उसे पांच अंकों से मात दी है।

इस जीत के साथ ही बंगाल ने प्लेऑफ में जाने की राह लगभग साफ कर दी है। यह बंगाल की 20 मैचों में 11वीं जीत है। इस जीत से उसके जोन-बी में 64 अंक हो गए हैं।

बंगाल ने शुरू से ही टाइटंस को पीछे रखा। पांचवें मिनट में स्कोर 7-7 से बराबर था। फरहाद ने दो अंक लेकर बंगाल को 9-7 से आगे कर दिया। यहां से बंगाल ने टाइटंस को बराबरी का मौका नहीं दिया और पहले हाफ का अंत 23-15 से किया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में मेजबान टीम ने अपना दबदबा जारी रखा। 30वें मिनट तक बंगाल 32-22 से आगे थी। अंतिम पांच मिनटों में टाइटंस ने कुछ अंक जुटा कर बराबरी करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके और बंगाल से इस सीजन लगातार तीसरी हार झेली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493