पाकिस्तान-सऊदी अरब में 10 अरब डॉलर के एमओयू पर दस्तखत की संभावना

इस्लामाबाद, 10 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान व सऊदी अरब में इस महीने 10 अरब डॉलर से ज्यादा के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

इसकी घोषणा इज ऑफ डूइंग बिजनेस (ईओडीबी) की दूसरी बैठक के दौरान की गई। बैठक की अध्यक्षता बुधवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने की।

बैठक के बाद डॉन न्यूज से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री असद उमर ने कहा सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अगले महीने पाकिस्तान का दौरा करेंगे।

उमर ने कहा कि ज्यादातर एमओयू पर सऊदी प्रिंस की यात्रा के दौरान हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट (बीओआई) के चेयरमैन हारून शरीफ ने कहा कि सऊदी अरब को पाकिस्तान के चार सेक्टर में रुचि है। इसमें ऑयल रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल, नवीकरणीय ऊर्जा व खनन शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “एक सर्वेक्षण के अनुसार, 65 फीसदी निवेश देश के वाणिज्यिक केंद्र कराची में और 35 फीसदी लाहौर में होगा।”

यह दस अरब डालर का निवेश सऊदी अरब द्वारा पाकिस्तान को दिए गए उस छह अरब डालर के पैकेज के अतिरिक्त होगा जिस पर प्रधानमंत्री इमरान खान की सऊदी अरब की यात्रा के दौरान अक्टूबर 2018 में सहमति बनी थी।

इसी तरह पाकिस्तान अगले दो महीने में चीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) व मलेशिया के साथ भी एमओयू पर हस्ताक्षर करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493