बैंकाक, 11 जनवरी (आईएएनएस)। परिवार की प्रताड़ना से बचने के लिए थाईलैंड भाग कर आई 18 वर्षीय सऊदी महिला को आस्ट्रेलिया में शरण देने की पेशकश की गई है। थाई आव्रजन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आव्रजन पुलिस प्रमुख सुराचेत हाकपर्न ने सीएनएन को बताया, “हां, ऑस्ट्रेलिया ने उसे शरण दी है, लेकिन हम यह जानने के लिए इंतजार कर रहे हैं कि वास्तव में वह कहां जा रही है।”
हाकपर्न ने कहा कि कनाडा ने भी रहाफ मोहम्मद अल-कुनून को शरण की पेशकश की है। वे उसके फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) ने बुधवार को कूनुन के संरक्षण अनुरोध को आस्ट्रेलिया को दिया था, हालांकि अब से पहले इसकी पुष्टि नहीं की गई थी कि कनाडा भी उसके मामले पर विचार कर रहा था।
हाकपर्न ने कहा कि बैंकाक में एक अज्ञात स्थान पर रह रही कुनून अंतिम फैसला होते ही जल्द से जल्द थाईलैंड छोड़ देगी।
उन्होंने सीएनएन को बताया कि हम उसे आवश्यक सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।
आस्ट्रेलियाई गृह विभाग ने इस मामले पर प्रगति के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।
कुनून ने अपने परिवार से बचने के लिए कुवैत से थाईलैंड के लिए उड़ान भरी थी। उसका कहना था कि उसे डर है कि वे उसे मार देंगे क्योंकि उसने इस्लाम त्याग दिया है।
वह आस्ट्रेलिया के लिए उड़ान लेना चाहती थी, लेकिन थाई आव्रजन अधिकारियों द्वारा उसे मध्य पूर्व वापस भेजने का प्रयास करने पर उसने खुद को बैंकाक हवाईअड्डे के एक होटल के कमरे में खुद को बंद कर लिया था।
dharmpath.com dharmpath