ग्रेटर नोएडा, 27 जनवरी (आईएएनएस)। प्रो-रेसलिंग लीग का आखिरी लीग मैच यूपी दंगल के लिए करो या मरो का मुकाबला है। उसके सामने होगी दो बार की चैम्पियन पंजाब रॉयल्स की टीम। पंजाब की टीम पिछले मुकाबले में हरियाणा हैमर्स को हराकर पहले ही सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्की कर चुकी है।
इस मुकाबले में पुरुषों के 74, 86 और महिलाओं के 57 और 62 किलोग्राम वर्ग में कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है। 74 किग्रा में पंजाब को पिछले मैच में निर्णायक मुकाबला जिताने वाले और पूर्व एशियाई चैम्पियन अमित धनकड़ होंगे तो वहीं उनके सामने लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले यूपी दंगल के जितेंद्र होंगे।
86 किग्रा वर्ग में ओलिम्पिक पदक विजेता पंजाब रॉयल्स के दातो मरसागिशिवली होंगे जो अब तक कोई भी मुकाबला नहीं हारे हैं। उनका मुकाबला जॉर्जिया के उन इराकली मिसितुरी से होगा जो उन्हें हाल में जॉर्जिया में एक प्रतियोगिता में हरा चुके हैं। महिलाओं में कई उलटफेर कर चुकीं सरिता के सामने बुल्गारियाई खिलाड़ी मिमी रिस्तोवा होंगी। रिस्तोवा यूरोपीय चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता है जबकि सरिता ने 2017 में हुई एशियाई चैम्पियनशिप रजत पदक अपने नाम किया था। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनसे एक और उलटफेर की उम्मीद है। 62 किग्रा वर्ग में यूपी दंगल की नवजोत कौर के सामने अनिता होंगी।
नवजोत एशियाई चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं जबकि अनिता ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतकर पिछले दिनों अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।
पंजाब टीम के सह-मालिक धर्मपाल राठी ने कहा कि हम इस मैच को सेमीफाइनल से पहले के अभ्यास के तौर पर ही नहीं लेंगे बल्कि मुकाबला जीतकर अपने विजयी अभियान को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। वहीं यूपी टीम के सह-मालिक सन्नी कत्याल ने कहा कि दो मुकाबले जीतकर टीम में स्फूर्ति लौट आई है। उनके खिलाड़ी इस जीत के सिलसिले को बरकरार रखने की पूरी कोशिश करेंगे।
dharmpath.com dharmpath