गोवा, 27 जनवरी (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में टॉप-4 में पहुंचने की जंग काफी रोचक और प्रतिस्पर्धी हो गई है। कई टीमें टॉप-4 में पहुंचे की जद्दोजहद कर रही हैं और जमशेदपुर एफसी भी उन्हीं में से एक है।
एफसी गोवा और जमशेदपुर एफसी का मुकाबला सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना है। गोवा की टीम 11 मैचों से 20 अंक लेकर 10 टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर है जबकि जमशेदपुर 12 मैचों से 19 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। ऐसे में जमशेदपुर की टीम हर हाल में गोवा को हराकर तीन अंक लेकर टॉप-4 में पहुंचना चाहेगी जबकि गोवा की टीम तीन अंक लेते हुए टॉप-4 में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
गोवा को इस सीजन की पहली हार (1-4), जमशेदपुर के खिलाफ ही मिली थी। उस मैच में गोवा के स्टार फेरान कोरोमिनास निलम्बन के कारण नहीं खेल पाए थे। आईएसएल में इन दोनों टीमों के बीच अब तक तीन बार भिड़ंत हुई है और इन मुकाबलों में कुल 11 गोल हुए हैं। गोवा ने जहां बीते सीजन के दोनों मैच जीते थे वहीं इस सीजन में जमशेदपुर ने गोवा से बड़ी जीत के साथ हिसाब बराबर किया था।
एफसी गोवा के कोच सर्गियो लोबेरा ने इस अहम मैच से पहले कहा, “यह काफी अच्छी टीम है। यह टीम जब 100 फीसदी दे रही होती है तो उसे हराना बहुत मुश्किल होता है। यह टीम प्लेऑफ में जाने की राह में हमारे लिए बहुत बड़ी प्रतिद्वंद्वी साबित होगी।”
ब्रेक के बाद गोवा की टीम आगे बढ़ने के लिए उतावली है। इसने ब्रेक के दौरान कुछ नए खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। गोलकीपर नवीन कुमार को केरला ब्लास्टर्स से लिया गया है जबकि मिडफील्डर जैद क्रोउच भी टीम से जु़ड़े हैं। वह मोरक्को में लोबेरा की देखरेख में खेल चुके हैं।
लोबेरा ने कहा, “हम अच्छे मोमेंटम में हैं और इस कारण हमने आराम नहीं किया। हमने ब्रेक के दौरान काफी मेहनत की है और अब नई चुनौतियों के लिए तैयार हैं। जमशेदपुर के साथ होने वाला मैच हमारे लिए एक चुनौती की तरह है।”
सभी की निगाहें कोरो पर होंगी क्योंकि वह सबसे अधिक गोल करने के मामले में नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी के कप्तान बाथोर्लोमेव आग्बेचे को पीछे छोड़ना चाहेंगे। ओग्बेचे ने चेन्नई के खिलाफ शनिवार को अंतिम समय में गोल करते हुए न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई बल्कि 10 गोलों के साथ इस सीजन में कोरो की बराबरी भी कर ली है।
दूसरी ओर, सर्गियो सिडोंचा की टीम हर हाल में टॉप-4 में जाना चाहेगी और इस क्रम में वह किसी भी हाल में अंक नहीं गंवाना चाहेगी। चोट के कारण सिडोंचा काफी समय से टीम से बाहर थे और अब उनकी वापसी के बाद जमशेदपुर की टीम मजबूत हुई है। कोच सीजर फेरांडो की टीम ने इस सीजन में केरल के साथ रिकार्ड संख्या में ड्रॉ खेले हैं लेकिन अब बाकी बचे मैचों में जीत हासिल करते हुए यह टीम अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।
कार्लोस काल्वो इस मैच में नहीं खेल सकेंगे क्योंकि वह निलम्बित हैं। इससे फेरांडो की रणनीति पर जाहिर तौर पर असर पड़ेगा। अहमद जाहो निलम्बन से लौट आए हैं और मिडफील्ड में अहम भूमिका अदा करने के लिए तैयार हैं। इदु बेदिया भी गोवा के लिए सिरदर्द बन सकते हैं क्योंकि वह इस सीजन में काफी खतरनाक दिख रहे हैं।
फेरांडो ने इस मैच में पहले कहा, “मैं जीत की उम्मीद करता हूं। गोवा की टीम भी जीत के लिए खेलेगी और टॉप-4 में बने रहना चाहेगी। हमारा भी यही मामला है। उनका कोच अच्छा है और कई खिलाड़ी भी अच्छे हैं। वे काफी संख्या में गोल करते हैं और इस कारण हमें कई चीजों को लेकर सावधान रहना होगा।”
dharmpath.com dharmpath