कोलकाता, 1 फरवरी (आईएएनएस)। इटली के मैटेयो बेरेटीनी ने भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी प्रजनेश गुनेश्वरण को हराकर यहां जारी डेविस कप वल्र्ड क्वालीफायर्स में शुक्रवार को अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
वर्ल्ड नंबर-53 मैटेयो ने यहां साउथ क्लब में खेले जा रहे दिन के दूसरे मुकाबले में प्रजनेश को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से मात दी। डेविस कप में पदार्पण कर रहे मैटेयो ने 57 मिनट में ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पहले दिन के एक अन्य मुकाबले में आंद्रेस सेप्पी ने रामकुमार रामनाथन को सीधे सेटों में मात दी। सेप्पी ने रामनाथन को 6-4, 6-2 से पराजित किया।
वल्र्ड रैंकिंग में 133वें पायदान पर काबिज रामनाथन ने पहले सेट में दो ब्रेक प्वाइंट हासिल किए लेकिन उसे भुनाने में कामयाब नहीं हो पाए। एक समय सेट 4-4 से बराबर था, यहां से सेप्पी ने दमदार खेल दिखाया और बढ़त बना ली।
सेप्पी वल्र्ड रैंकिंग में 37वें पायदान पर हैं और दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच का अंतर साफ नजर आया।
उन्होंने भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ अपने फोरहैंड का सही उपयोग किया। सेप्पी ने कुल 17 विनर दागे और रामनाथन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
dharmpath.com dharmpath