दुनिया के 6 बेहतरीन फ्रीस्टाइल मोटोक्रॉस राइडर्स ने मुम्बई वासियों को रोमांचित किया

मुम्बई, 2 फरवरी (आईएएनएस)। दुनिया के छह बेहतरीन फ्रीस्टाइल मोटोक्रॉस राइडर्स ने अपने शानदार करतबों के जरिए शनिवार को रेड बुल एफएमएक्स जैम के तहत गेटवे ऑफ इंडिया पर जुटे 25 हजार से अधिक मुम्बई वासियों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

इससे पहले रेड बुल एफएमएक्स जैम का आयोजन नई दिल्ली में 2012 में इंडिया गेट पर हुआ था और दिल्ली वासियों के लिए वह ‘वंस इन लाइफटाइम’ अनुभव साबित हुआ था। यही हाल सुबह से गेटवे ऑफ इंडिया पर जुटे मुम्बई वासियों का हुआ। इन सबने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें एक मोटरसाइकिल पर सवार इंसान से इस तरह के करतब देखने को मिलेंगे।

रेड बुल एफएमएक्स जैम के लिए चालकों का नेतृत्व दुनिया के बेहतरीन फ्रीस्टाइल आटोक्रॉस राइडर्स में से एक आस्ट्रेलिया के रॉबी मैडिसन ने किया और इस बेहतरीन शो में उनका साथ दिया रूस में ऑटोक्रॉस के जनक माने जाने वाले एलेक्सी कोलेशनिकोव तथा दुनिया के नम्बर-1 मोटोक्रॉस एक्स राइडर फ्रांस के थॉमस पाएज ने। इन सबके अलावा तीन युवा चालकों, मार्टिन कोरेन, राडेक बिलेक और जूलियन वेंस्टीपेन ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को दातों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम, भारतीय पुरात्व विभाग और महाराष्ट्र सरकार द्वारा समर्थित इस आयोजन में शामिल छह चालकों ने पहले तो अकेले-अकेले अलग-अलग तरह के ट्रिक्स दिखाए और फिर दो की जोड़ी में ट्रिक्स दिखाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके बाद चार और फिर पांच चालक एक साथ रैम्प से छलांग मारने लगे और हवा में बाइक के साथ अलग-अलग तरह के फ्लिप किए।

लगभग 50 फुट की ऊंचाई पर हवा में ही ये अपने हाथ बाइक से हटा लेते और फिर लैंड करते वक्त बाइक पर सही नियंत्रण हासिल कर लेते। सबसे खास बात यह थी कि चार और छह के संयोजन में छलांग लगाते हुए सभी चालक अलग-अलग ट्रिक्स दिखाते।

एमटीडीसी ने शुक्रवार को साफ कर दिया था कि वह आयोजन के लिए रेड बुल के साथ दीर्घकालीन समझौता करने पर विचार कर रही है, ताकि आने वाले समय में मुम्बई और महाराष्ट्र के लोगों को आश्चर्यजनक एडवेंचर स्पोटर्स देखने का मौका मिले।

इस प्रदर्शन में शामिल हुए सभी चालकों ने भारत आने की खुशी जाहिर और बार-बार यहां आकर परफार्म करने की बात कही। 15 साल से फ्रीस्टाइल मोटोक्रॉस में सक्रिय मैडिसन ने कहा कि उन्हें भारत आकर काफी अच्छा लगा और वह बार-बार इस देश में आना चाहेंगे और परफार्म करना चाहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493