सेंट पीटर्सबर्ग, 4 फरवरी (आईएएनएस)। दूसरी सीड नीदरलैंड की किकि बेर्टेस ने क्रोएशिया की डोना वेकिक को फाइनल में मात देकर सेंट पीटर्सबर्ग लेडीज ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया।
किकि ने वेकिक को 7-6 (7-2), 6-4 से मात देकर अपने करियर का आठवां खिताब जीता।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के मुताबिक, किकि बेर्टेस ने कहा, “मेरे कोच राएमोन स्लुटर ने मुझसे कहा था कि मैं सही खेल रही हूं और मुझे अपने शॉट्स को इसी तरह से खेलने की जरूरत है।”
आठवी सीड वेकिक ने अहम सेट प्वाइंट गंवाया जिसने इस मैच का रुख बदल दिया। यह मैच एक घंटे 43 मिनट तक चला।
क्वार्टर फाइनल में पेट्रा क्वितोवा को मात देने वाली क्रोएशियाई खिलाड़ी पहले सेट में 5-2 से आगे थीं, लेकिन इसका फायदा नहीं उठा पाईं।
किकि ने दूसरे सेट में 2-1 की बढ़त ले ली थी लेकिन वेकिक ने स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया। किकी ने हालांकि इस बार भी अहम समय पर अहम अंक लेते हुए सेट के साथ खिताब भी अपने नाम किया।
dharmpath.com dharmpath