बैडमिंटन : सामिया, गायत्री डच जूनियर के अगले दौर में

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। सामिया इमाद फारूकी और गायत्री गोपीचंद सहित छह भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने नीदरलैंड्स के हार्लेम में जारी प्रतिष्ठित डच जूनियर अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट के एकल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली है।

वर्ष 2017 में एशियाई जूनियर चैम्पियनशिप के अंडर-15 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली सामिया ने बुधवार को खेले गए प्रतियोगिता के पहले दिन इंग्लैंड की लीसा कार्टिन को 21-12, 21-11 से मात दी।

सामिया के अलावा गायत्री ने कोरिया की डा जियोंग चुंग को कड़े मुकाबले में 21-18, 22-20 से पराजित किया। ट्रीसा जाली ने भी पहले दौर में मुकाबले में लियोना मिकाल्स्की को 21-15, 21-17 से शिकस्त दी।

लड़कों के युगल वर्ग में इशान भटनागर और एडविन जाय तथा नवनीत बोका और विष्णु वर्धन गौड़ पंजाला ने अपने अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। छत्तीसगढ़ के भटनागर और केरल के जाय ने राफेल गेवोइस और विंसेंट जील्गर को 58 मिनट में 16-21, 21-17, 21-17 से हरा दिया।

तेलंगाना के बोका और पंजाला ने रेन्स लीग्रोव और ड्योन वेन विजलिक को 21-14, 21-13 से मात दी।

लड़कियों के युगल वर्ग में ट्रीसा और वर्षिणी विश्वनाथ श्री ने कस्र्टन डि विट और जेमी लारेन्स की जोड़ी को 21-10, 21-16 से पराजित कर दिया। हालांकि नवनीत और साहिति बंदी को मिश्रित युगल वर्ग में झेंग शुनजिन के खिलाफ 21-23, 21-17, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।

लड़कों के एकल वर्ग में मेसनाम मेइराबाद ने स्वीडन के लुडविग पेत्र ओल्सन के खिलाफ 30 मिनट में 21-10, 21-11 से आसान जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश के प्रियांशु राजावत ने मैग्नस क्लिनगार्ड को 19-21, 21-18, 21-17 से और साई चरण कोया ने केल फ्रेडहोम को 21-11, 21-14 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493