‘पुर्नजन्म’ एथेंस इंटरनेशनल फिल्म एंड वीडियो फेस्टिवल के लिए चयनित

पटना, 12 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के जाने माने लेखक व निर्देशक अमर ज्योति झा की लघु फिल्म पुनर्जन्म (रिबर्थ) एथेंस इंटरनेशनल फिल्म एंड वीडियो फेस्टिवल के लिए चयनित की गई है। इस फिल्म की स्क्रीनिंग आठ अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच अमेरिका के ओहियो में स्थित एथेंस में होगी।

पटना के रहने वाले निर्देशक अमर ज्योति झा की इस फिल्म में मानव असंवेदनशीलता,झूठे आदर्शो और पाखंड को बखूबी दर्शाया गया है। फिल्म में झा ने अभिनय भी किया है।

वर्ष 2019 में 2,200 फिल्मों में से 41 देशों की 235 फिल्मों को ही विभिन्न श्रेणियों में स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है।

लीला फिल्म्स एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह फिल्म इससे पहले जापान, कनाडा, चिली, लॉस एंजेलिस, पुणे, कोलकाता, इंग्लैंड, इटली, मुम्बई, स्पेन, बेंगलुरू, दिल्ली, तुर्की, मध्य प्रदेश, स्विट्जरलैंड एवं झारखंड के साथ देश और विदेश के विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव समेत कई फिल्म समारोह में दिखाई जा चुकी है।

अब तक इस फिल्म को देश और विदेश में सिनेमैटोग्राफी, अभिनय ,निर्देशन, एडिटिंग, प्रोडक्शन में 50 अवॉर्ड मिल चुके हैं।

झा ने फिल्म की चर्चा करते हुए मंगलवार को बताया, “यह मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली फिल्म है। फिल्म की कहानी का पात्र एक भूखा व्यक्ति है जिसे अपने भोजन के लिए कई संघर्षो और पीड़ाओं से गुजरना पड़ता है। बूढ़े आदमी के अंतिम संस्कार में शामिल लोगों द्वारा फेंके जा रहे पैसों को चुन कर वह श्मशान तक पहुंच जाता है और वहां अपने भोजन की खोज में व्यस्त हो जाता है।”

बिहार की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें बड़ा मंच देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि फिल्म का निर्माण केवल मुंबई में ही नहीं किया जा सकता। अगर अच्छी टीम हो और बेहतर संसाधन मुहैया कराया जाए तो बिहार में भी गुणवत्तापूर्ण फिल्मों का निर्माण किया जा सकता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493