मुम्बई, 19 मार्च (आईएएनएस)। मुम्बई सिटी को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले पुर्तगाली कोच जॉर्ज कोस्टा लीग के छठे सीजन में भी क्लब के साथ बने रहेंगे।
कोस्टा ने कहा है कि वह अगले सीजन में क्लब को खिताब दिलाकर रहेंगे। कोस्टा ने यह भी कहा कि अब से लेकर एक साल तक वह अपने क्लब को नए सिरे से तैयार करेंगे और फिर फाइनल को लक्ष्य बनाकर खेलेंगे। वैसे उनका अंतिम लक्ष्य खिताब होगा।
मुम्बई सिटी एफसी के साथ अपने पहले सीजन में कोस्टा काउंटर अटैकिंग ब्रांड का फुटबाल लेकर आए। इससे क्लब को कुछ खास उपलब्धियां हासिल करने में मदद मिली। इसी की बदौलत क्लब ने पांचवें सीजन में लगातार नौ मैचों में अजेय रहने का रिकार्ड कायम किया।
एक समय यह क्लब अंक तालिका में करीब सबसे नीचे था और फिर अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर दूसरे नम्बर पर पहुंचा और फिर सेमीफाइनल में जगह बनाई। क्लब इतिहास में यह दूसरा मौका है जब वह सेमीफाइनल में पहुंचा है।
सेमीफाइनल में मुम्बई पहले चरण में हार मिली लेकिन उसने वापसी करते हुए गोवा को उसी के घर में हराया लेकिन गोल अंतर के लिहाज से वह फाइनल में नहीं पहुंच सका।
46 साल के कोस्टा ने क्लब के साथ काम करते हुए खुशी जाहिर की और कहा कि करार में विस्तार को लेकर उन्हें दोबारा सोचने की जरूरत नहीं पड़ी।
कोच ने कहा, “क्लब में जब मैं पहली बार आया, तब से लेकर आज तक मेरा अनुभव शानदार रहा है। इस क्लब का मैनेजमेंट और स्टाफ शानदार है। यहां के लोग पेशेवर हैं और उसने हर ऐसा काम किया है, जिससे मुझे यहां घर जैसा महसूस हो। हम सेमीफाइनल से संतुष्ट नहीं हैं लेकिन मैं यहां यह जरूर कहना चाहूंगा कि हमारे लिए यह सीजन काफी अच्छा रहा है।”
कोस्टा ने कहा, “हमारे प्रशंसकों ने हमारा बहुत अच्छे से साथ दिया और इसी कारण हम सफल हो सके। मैं खुश हूं कि मुझे मुम्बई के साथ एक और सीजन में काम करने को मिल रहा है। हम अच्छा काम करना जारी रखेंगे और अपने प्रशंसकों को एरेना में कभी नहीं भूल पाने वाले पल देने का प्रयास करेंगे।”
एफसी पोरटो के साथ यूईएफए कप और यूईएफए चैम्पियंस लीग जीत चुके कोस्टा ने पुर्तगाली राष्ट्रीय टीम के साथ कुल 50 मैच खेले हैं और एससी ब्रागा के साथ अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी।
dharmpath.com dharmpath